लखनऊ। स्काईहॉप प्रोफेशनल डांस इंस्टिट्यूट द्वारा राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह, भातखंडे में प्रस्तुत डांस ड्रामा “खोज – एक यात्रा” ने दर्शकों को अध्यात्म, आत्मचिंतन और भारतीय दर्शन की गहराइयों से जोड़ दिया। उपनिषदों से प्रेरित इस विशेष प्रस्तुति ने नृत्य, अभिनय और संगीत के माध्यम से आत्मा, चेतना और जीवन की खोज को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।
इस प्रस्तुति की कोरियोग्राफी आकाश राजपूत एवं दिव्या उपाध्याय द्वारा की गई, जबकि लेखन दिव्या उपाध्याय ने किया। कलाकारों में आकाश राजपूत, दिव्या उपाध्याय, गहना जैन, नितिन पवार, सौम्या वर्मा, रोशनी यादव, श्रेया अग्रहरि, आराध्या श्रीवास्तव, आद्या द्विवेदी, आव्या अग्रवाल, तनिषा, पूर्वी गोविंद, ऊर्वी, दिनेश मौर्य, कृतिश धवल, अभिध्या गुप्ता, सान्वी तिवारी, श्रेया मौर्य एवं रोहित उपाध्याय ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कला प्रेमी, सांस्कृतिक हस्तियां एवं युवा दर्शक उपस्थित रहे। प्रस्तुति के दौरान कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति, ऊर्जा और मंच संयोजन ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। भारतीय एवं समकालीन नृत्य शैलियों के संगम ने कार्यक्रम को एक अलग पहचान दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सूर्यकांत मिश्रा, सेवानिवृत्त आईआरएस एवं चेयरमैन, इंडियन काउंसिल ऑफ एस्ट्रोलॉजिकल सोसाइटी, डॉ. इला पांडेय, हेड मेडिसिन विभाग, मेदांता हॉस्पिटल, श्रीप्रकाश श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर, जीएसटी एवं दुर्गेश त्रिपाठी, राष्ट्रीय अध्यक्ष – एकल अभियान (युवा प्रकोष्ठ) मंच उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया|
कार्यक्रम के अंत में दर्शकों ने पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “खोज – एक यात्रा” केवल एक सांस्कृतिक प्रस्तुति नहीं बल्कि आत्मिक अनुभूति का अनुभव थी।