लखनऊ - विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास (पर्यावरण शिक्षा), अवध प्रांत द्वारा हजरतगंज मेट्रो स्टेशन परिसर में एक विशेष पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुशील कुमार, प्रबंध निदेशक, लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन रहे। उन्होंने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए जनसहभागिता पर बल दिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह, क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू तथा क्षेत्र संयोजक (पर्यावरण शिक्षा), शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, पूर्वी उत्तर प्रदेश ने “पर्यावरण संरक्षण में नागरिकों की भूमिका तथा सतत विकास” विषय पर विस्तृत विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के बिना भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की कल्पना संभव नहीं है।
इस अवसर पर निमेष कपूर, वैज्ञानिक, बीरबल साहनी पुरावनस्पति संस्थान तथा चंद्रभूषण तिवारी, पर्यावरणविद् ने भी पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए के. बी. पंत, सह-संयोजक, पर्यावरण शिक्षा, अवध प्रांत ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ के सहयोग से किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण विषयक एक आकर्षक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसे प्रतिभागियों द्वारा सराहा गया। साथ ही कार्यशाला में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।