मोदी जी का कार्यकाल आजादी के बाद का स्वर्ण युग - योगी आदित्यनाथ



  • नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी अजय भट्ट के लिए किया प्रचार

हल्द्वानी/लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल देश की आजादी के बाद का स्वर्ण युग माना जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की हर समस्या का समाधान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निकाला है।  योगी ने कहा कि उत्तराखंड से निकलने वाली नदियों के जल से उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है। यह बातें मुख्यमंत्री योगी ने शनिवार को नैनीताल-उधमसिंह नगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।  

भाजपा समस्या नहीं समाधान निकालती है : मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि ने प्रथम मुख्यमंत्री पं गोविंद वल्लभ पंत के साथ साथ नारायण दत्त तिवारी और हमेवंती नंदन बहुगुणा के रूप में यूपी को यशस्वी नेतृत्व दिया है। उन्होंने उत्तराखंड की जनता को बैसाखी और खालसा पंथ के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवभूमि के कंकड़-कंकड़ में शंकर हैं। यहां का हर स्थल पवित्रता के भाव से भरा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी जी के साथ मिलकर उन्होंने यूपी और उत्तराखंड के बीच की सारी समस्याओं का समाधान निकाला। उन्होंने कहा कि बीजेपी समस्या नहीं समाधान निकालती है। सभी समस्याओं के समाधान के लिए ही देश को मोदी जी जैसा यशस्वी नेतृत्व मिला।

कांग्रेस राज में मिट्टी का तेल भी नहीं मिलता था : इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का नौजवान देश की रक्षा के लिए सीमा पर खड़ा है तो 140 करोड़ भारतीय चैन की नींद सोते है। ये आपका सौभाग्य है कि रक्षा राज्य मंत्री के रूप में अजय भट्ट लगातार सीमा पर जाकर हमारे जवानों को प्रोत्साहित करते हैं। योगी ने कहा कि उनका बचपन उत्तराखंड में व्यतीत हुआ है। उन्हें पता है कि पहले दो-तीन किलोमीटर दूर जाकर पानी लाना होता था। मगर आज हर घर नल की योजना की वजह से घरों तक पानी पहुंच गया है। पहले ईंधन की समस्या होती थी। कांग्रेस राज में मिट्टी का तेल भी नहीं मिलता था। अब उज्ज्वला योजना कनेक्शन से गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो रही है। देश की हर समस्या के समाधान का रास्ता मोदी जी ने निकाल दिया है।

चार धाम को नई पहचान के साथ भाजपा सरकार ने प्रस्तुत किया : मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कश्मीर में धारा 370 की बीमारी कांग्रेस की देन है। मोदी  ने इस बीमारी को हमेशा के लिए समाप्त कर दिया। कांग्रेस को पीड़ा है कि उत्तराखंड में समान नागरिक कानून क्यों पास हो गया, जबकि इसका स्वागत किया जाना चाहिए। समान नागरिक कानून पास कराके मुख्यमंत्री धामी ने बड़ा काम किया है। योगी ने कहा कि अयोध्या को भी कांग्रेस ने ही विवादित बनाए रखा था। कांग्रेस के लोग नहीं चाहते थे कि अयोध्या में विवाद समाप्त हो। हमने अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण किया। इसके साथ ही मथुरा, गोकुल, बरसाना, काशी और प्रयागराज को उसी रूप में संवारा है। उत्तराखंड में भी केदारनाथ, बद्रीनाथ सहित चार धाम को नई पहचान के साथ बीजेपी सरकार ने प्रस्तुत किया है।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री और नैनीताल-उधमसिंह नगर के भाजपा प्रत्याशी  अजय भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष  प्रताप सिंह बिष्ठ, प्रदेश महामंत्री  खिलेन्द्र चौधरी,  राजेन्द्र विष्ट, उत्तराखंड शासन के मंत्री  सौरभ बहुगुणा,  बलवंत सिंह,  बंशीधर भगत सहित बीजेपी के पदाधिकारीगण मौजूद रहे।