दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों को मिलेगी गर्मी से राहत, बारिश की संभावना



नई दिल्ली। सूरज की तपिश झेल रहे उत्तर भारत के राज्यों को अगले कुछ दिनों में राहत मिलेगी। दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम बदलने की संभावना है।भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, अगले 3 दिन में उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में बारिश होगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री का अंतर आएगा।दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 42.8 और न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में 3 से 7 जून तक, पंजाब और हरियाणा में 3 से 6 जून तक, उत्तर प्रदेश में 5 जून तक और राजस्थान में 3 जून को गरज और हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है।जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 5 दिन तक बारिश की संभावना है। 3 से 6 जून के बीच बिहार में और अगले 5 दिन तक छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र में भी बारिश होगी।

आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून लक्षद्वीप क्षेत्र के शेष हिस्सों, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में आगे बढ़ गया है।अगले 3 दिनों में मानसून रायलसीमा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों में और पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ जाएगा। इसके बाद यह महाराष्ट्र और गुजरात की ओर बढ़ेगा।18 जून तक मानसून उत्तर प्रदेश पहुंचने की उम्मीद है, इसके साथ ही दिल्ली में मानसून पूर्व बारिश शुरू हो जाएगी।