अब ‘श्री विजयपुरम’ नाम से जाना जाएगा पोर्ट ब्लेयर, गृह मंत्री ने एक्स पर दी जानकारी



नई दिल्ली(डेस्क) -  सरकार ने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर ‘श्री विजयपुरम’ कर दिया है। इसकी जानकारी खुद गृह मंत्री अमित शाह ने दी है।  उन्होंने कहा है कि हमने पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर श्री विजयपुरम करने का फैसला लिया है।  इसकी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए दी है। यह फैसला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए लिया गया है। माना जा रहा है कि इस नामकरण से द्वीप समूह के समृद्ध इतिहास को और अधिक उजागर किया जा सकेगा।

गृह मंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प से प्रेरित होकर आज गृह मंत्रालय ने पोर्ट ब्लेयर का नाम ‘श्री विजयपुरम’ करने का निर्णय लिया है। ‘श्री विजयपुरम’ नाम हमारे स्वाधीनता के संघर्ष और इसमें अंडमान और निकोबार के योगदान को दर्शाता है। पोर्ट ब्लेयर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की राजधानी है। यह दक्षिण अंडमान द्वीप के पूर्वी तट पर स्थित है। इसे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है।

वहीं इस बारे में सीएम योगी ने कहा कि देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाता यह ऐतिहासिक निर्णय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सभी बलिदानियों और सेनानियों को पूरे देश की ओर से समेकित श्रद्धांजलि है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम योगी ने लिखा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज पोर्ट ब्लेयर का नाम 'श्री विजयपुरम' करने का निर्णय 140 करोड़ भारत वासियों की भावना के अनुरूप है। देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ाता यह ऐतिहासिक निर्णय भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के सभी बलिदानियों और सेनानियों को पूरे देश की ओर से समेकित श्रद्धांजलि है।  स्वाधीनता संघर्ष में अंडमान और निकोबार के योगदान को दर्शाता ‘श्री विजयपुरम' नाम हमें अपने देश के गौरवशाली अतीत और नेताजी सुभाष चंद्र बोस, 'स्वातंत्र्यवीर' वीर सावरकर जैसे मां भारती के अनेक अमर सपूतों के संघर्षों और बलिदानों की पावन स्मृतियों से जोड़ता है। अमृत काल में इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार और देश वासियों को बधाई।''