विशाखापत्तनम - केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने विशाखापत्तनम में गूगल क्लाउड इंडिया AI हब की नींव रखी। गूगल इस परियोजना में लगभग 15 अरब अमरीकी डॉलर का निवेश करेगा।
गूगल क्लाउड इंडिया AI हब विशाखापत्तनम में आवश्यक जनशक्ति, बुनियादी ढांचा, बिजली और शीतलन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को फायदा होगा। इस परियोजना के तहत थरलुवाड़ा, अदावीवरम और रामबिल्ली क्षेत्रों में 600 एकड़ भूमि पर एक गीगावाट की सुविधा स्थापित करने की योजना है।
यह केंद्र उन्नत एआई क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर और बड़े पैमाने पर डेटा संग्रहण सेवाएं प्रदान करेगा। अदानीकॉनेक्स और एयरटेल एनएक्सट्रा इस परियोजना में भागीदार है। आंध्र प्रदेश सरकार का लक्ष्य राज्य भर में 6.5 गीगावाट का डिजिटल हब विकसित करना है। इस परियोजना से AI, क्लाउड सेवा, साइबर सुरक्षा और डेटा साइंस क्षेत्रों में नए रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इससे बड़े उद्यमों के साथ-साथ दूसरे भारतीय एआई स्टार्टअप्स को भी लाभ होगा।
इस परियोजना को आंध्र प्रदेश की प्रगति और आत्मनिर्भरता की यात्रा में एक निर्णायक उपलब्धि बताते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पांच वर्षों में लगभग 15 बिलियन डॉलर का यह निवेश राज्य में 5-6 हजार प्रत्यक्ष नौकरियां और कुल 20-30 हजार नौकरियां पैदा करेगा।