अयोध्या - अयोध्या से एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने आस्था और भव्यता का अद्भुत संगम दिखाया। राम मंदिर परिसर में बने शिव मंदिर के शिखर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धर्म ध्वज फहराया। जैसे ही ध्वज लहराया, पूरा परिसर “जय श्री राम” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में उत्साह छा गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी, संत-महंत और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “जय श्री राम” केवल नारा नहीं, बल्कि देश को जोड़ने वाली शक्ति है। उन्होंने बताया कि भगवान राम उत्तर से दक्षिण, श्रीकृष्ण पूरब से पश्चिम और भगवान शिव पूरे भारत को एक सूत्र में बांधते हैं। उन्होंने अयोध्या के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि अब यहां रोज लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आ रहे हैं और आधुनिक सुविधाएं तेजी से बढ़ी हैं। मुख्यमंत्री ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि जब समाज एकजुट रहता है, तभी देश मजबूत बनता है। उन्होंने लोगों से अपनी विरासत पर गर्व करने और एकता बनाए रखने की अपील की।