बकरीद पर राजधानी में यातायात व्यवस्था बदलेगी, सुबह नमाज तक कई मार्गों पर रोक



लखनऊ । बकरीद के अवसर पर राजधानी में नमाज के दौरान शांति व्यवस्था और सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। 27 और 28 मई को सुबह छह बजे से नमाज समाप्त होने तक आवश्यकतानुसार कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी और वैकल्पिक मार्गों से यातायात संचालित किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, टीले वाली मस्जिद, बड़ा इमामबाड़ा, पक्का पुल, रूमी गेट, चौक, डालीगंज, शाहमीना, मेडिकल कॉलेज तथा ऐशबाग ईदगाह क्षेत्र में सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। सीतापुर मार्ग, हरदोई मार्ग और बालागंज की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसी प्रकार कोनेश्वर चौराहा, नीबू पार्क, शाहमीना तिराहा तथा डालीगंज पुल की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है।

ऐशबाग ईदगाह क्षेत्र में नमाज के दौरान नाका, यहियागंज, रकाबगंज पुल, राजेंद्र नगर, मोतीझील कॉलोनी, अंजुमन चौराहा, पीली कॉलोनी और बुलाकी अड्डा की ओर से ईदगाह जाने वाले मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। केवल नमाज में शामिल होने वाले लोगों के वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी।पुलिस ने बताया कि चिकित्सकीय आपात स्थिति में रोगी वाहन, विद्यालयी वाहन, अग्निशमन वाहन और शव वाहन को आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए यातायात नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले मार्ग की जानकारी अवश्य कर लें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।