उत्तर प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा संचालित एयरपोर्ट बनने की ओर प्रयागराज



प्रयागराज - प्रयागराज एयरपोर्ट को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के हरित ऊर्जा मिशन को बढ़ावा देते हुए प्रयागराज एयरपोर्ट को उत्तर प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा संचालित एयरपोर्ट बनाने की पहल शुरू की गई है। 

इसके तहत टर्मिनल भवन और पार्किंग क्षेत्र में सौर पैनल लगाए जा रहे हैं तथा 750 किलोवाट क्षमता का आधुनिक सोलर कारपोर्ट स्थापित किया जा रहा है। लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में पार्किंग क्षेत्र में स्थापित सोलर कारपोर्ट के माध्यम से प्रतिदिन करीब 4500 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है, जिससे हर माह लगभग 10 लाख रुपये के विद्युत बिल की बचत हो रही है। 

प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक राजेश चावला ने बताया कि इस परियोजना से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा लागत में भी कमी आएगी। साथ ही, पार्किंग क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रियों को मुफ्त चार्जिंग की सुविधा  उपलब्ध कराई जा रही है। यह पहल हरित और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।