अमरोहाः गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत



अमरोहा - अमरोहा जिले के सैद नंगली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार में सवार आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को कार से बाहर निकाला।

सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को संभल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरादाबाद रेफर किया गया। वहां एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सभी लोग लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र के निवासी हैं और जम्मू-कश्मीर से घूमकर वापस घर लौट रहे थे। हादसे में चमड़ा कारोबारी अबु बकर, उनकी भाभी और भांजी की मृत्यु हो गई। अन्य घायल भी परिवार के सदस्य हैं। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है।