- ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक
- डायरिया रोको अभियान की तैयारियों पर चर्चा, प्रचार-प्रसार पर रहेगा जोर
उन्नाव I स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक हुई I पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) व केनव्यू के सहयोग से आयोजित बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जय राम सिंह ने की I बैठक में सभी ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) को निर्देशित किया गया कि वह अपने क्षेत्र की सभी चिकित्सा इकाइयों पर 16 जून तक ओआरएस कार्नर बनाना सुनिश्चित करें I
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया से होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना व दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है I उन्होंने सभी ब्लाक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (बीसीपीएम) को निर्देशित किया कि ओआरएस एवं ज़िंक की उपलब्धता सभी चिकित्सा इकाइयों एवं आशा कार्यकर्ताओं के पास सुनिश्चित करेंI अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के अन्तर्गत आशा कार्यकर्ताओं, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पीएसआई इंडिया के सहयोग से प्रशिक्षित किया जा चुका हैI इसके साथ ही डायरिया रोको अभियान (स्टॉप डायरिया कैम्पेन) के दौरान ई- रिक्शा के माध्यम से डायरिया से बचाव और प्रबन्धन के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाएगा I इस दौरान प्रचार-प्रसार सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
इस मौके पर डिस्ट्रिक्ट कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर (डीसीपीएम) जे बी पाण्डेय ने जनपद के सभी ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम) को निर्देशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र की सभी चिकित्सा इकाइयों पर ओआरएस कार्नर 16 जून तक बनाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने लोगों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित भी किया I
समीक्षा बैठक में पीएसआई इंडिया के गजेंद्र सिंह ने ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की अब तक की गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया I डायरिया रोको अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों की रिपोर्टिंग के बारे में भी चर्चा की I बैठक में बीपीएम, बीसीपीएम, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि और पीएसआई इंडिया से अशरफ हुसैन आदि उपस्थित रहे I