वडोदरा: ‘मेड इन इंडिया’ C-295 विमान का सफल परीक्षण



नई दिल्ली : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने वडोदरा में निर्मित पहले 'मेड इन इंडिया' एयरबस C-295 सैन्य परिवहन विमान की पहली परीक्षण उड़ान को भारत के एयरोस्पेस विनिर्माण क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। राम मोहन नायडू ने कहा कि यह केवल एक विमान की उड़ान नहीं, बल्कि एयरोस्पेस निर्माण के क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता और देश के वैश्विक विमानन केंद्र बनने की दिशा में बढ़ते कदमों का प्रतीक है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'मेक इन इंडिया' और आत्मनिर्भर भारत अभियानों को दिया।  

केंद्रीय मंत्री ने एयरबस, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स, भारतीय वायुसेना तथा इस परियोजना से जुड़े इंजीनियरों, तकनीशियनों और कर्मचारियों को बधाई दी। गौरतलब है कि भारत और स्पेन की एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के बीच हुए 21,000 करोड़ रुपये से अधिक के समझौते के तहत भारतीय वायुसेना के लिए 56 C-295 परिवहन विमान खरीदे जा रहे हैं।  

इनमें से 16 विमान स्पेन में तैयार किए जा रहे हैं, जबकि शेष 40 विमानों का निर्माण गुजरात के वडोदरा स्थित टाटा-एयरबस संयंत्र में किया जाएगा। यह भारत में निजी क्षेत्र द्वारा निर्मित पहला सैन्य परिवहन विमान कार्यक्रम है।