आयुष मंत्रालय ने यूट्यूब पर आयोजित लाइव योग सत्र के जरिए नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया



नई दिल्ली - आयुष मंत्रालय ने आज यूट्यूब पर आयोजित एक लाइव योग सत्र के जरिए नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस ऑनलाइन योग कार्यक्रम में चार लाख 35 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।   

आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि यह उपलब्धि दुनिया भर में योग की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। 

इस सत्र का समय सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक (IST) निर्धारित था । इसका मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से विश्व को एकजुट करना, स्वास्थ्य, सद्भाव और समग्र कल्याण को बढ़ावा देना है। इस विश्व रिकॉर्ड प्रयास से योग को जन-जन तक पहुंचाने और आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों के समाधान के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह आयोजन प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के 'योग फॉर वन एंड ऑल' के विजन को आगे बढ़ाते हुए विश्व स्तर पर योग की लोकप्रियता को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।