नोएडा एयरपोर्ट पर कार्गो सेवाओं की शुरुआत



नई दिल्ली : कमर्शियल पैसेंजर सेवाओं की शुरुआत के कुछ ही दिनों बाद, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। एयरपोर्ट ने अपनी पहली घरेलू फ्रेटर फ्लाइट को सफलतापूर्वक हैंडल करते हुए कार्गो परिचालन की शुरुआत कर दी है। 

इसके साथ ही यहां का इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल भी परिचालन में आ गया है, जिसे उत्तर भारत के एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कार्गो केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। पहली कार्गो उड़ान चेन्नई-नोएडा-चेन्नई रूट पर संचालित की गई, जिसमें ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-कॉमर्स शिपमेंट और जल्दी खराब होने वाले उत्पादों सहित लगभग 20 टन माल पहुंचाया गया। 

यह सुविधा कार्गो हैंडलिंग, वेयरहाउसिंग और ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को एकीकृत करने का काम करेगी। माना जा रहा है कि इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कार्गो सप्लाई को नई गति मिलेगी, उद्योगों और निर्यातकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और क्षेत्र की सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलेगी।