नई दिल्ली : भारतीय सेना ने डिजिटल आत्मनिर्भरता और तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए Zoho Corporation के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन(MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता सेना की ज्वाइंटनेस, आत्मनिर्भरता, इनोवेशन पहल के तहत किया गया है। इसका उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देना और डिजिटल प्रणालियों को और अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाना है।
इस MoU पर हस्ताक्षर लेफ्टिनेंट जनरल हर्ष छिब्बर और ज़ोहो कॉरपोरेशन के इंजीनियरिंग निदेशक राजेंद्रन दंडपानी द्वारा किए गए हैं। इस अवसर पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और ज़ोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बु भी मौजूद रहे। इस साझेदारी के तहत दोनों पक्ष मिलकर एप्लिकेशन-आधारित अनुसंधान और विकास को बढ़ावा देंगे।
इसके साथ ही सुरक्षित एवं टिकाऊ डिजिटल समाधान पर भी काम करेंगे और भारतीय सेना के भीतर तकनीकी कौशल को मजबूत करेंगे। इस पहल को भारतीय सेना के "फ्यूचर-रेडी" और पूरी तरह डिजिटल रूप से सक्षम बल बनने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।