अलविदा फ्लाइंग सिख : महान भारतीय धावक उड़न सिख मिल्खा सिंह का निधन



दिल्ली (न्यूज़ डेस्क) - फ्लाइंग सिख या उड़न सिख के नाम से मशहूर महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह का शुक्रवार रात को जानलेवा कोरोना वायरस के चलते निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे।

इससे पहले रविवार को उनकी 85 वर्षीया पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर ने भी कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बीते दिनों ही मिल्खा सिंह कोरोना निगेटिव हुए थे, लेकिन अचानक से उनकी तबीयत नाजुक होने लगी इसके बाद उन्हें चंडीगढ़ के PGI अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि बाद में पोस्ट कोविड दिक्कतें आने के कारण उन्हें कोविड अस्पताल से मेडिकल ICU में भर्ती कर दिया गया था। उनके स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए पीजीआईएमईआर अस्पताल ने कहा था कि शुक्रवार शाम को कोविड-19 के बाद उत्पन्न हुई जटिलताओं के कारण उनकी हालत गंभीर हो गयी थी। उनका ऑक्सीजन स्तर कम होने लगा और उन्हें बुखार आ गया था।

मिल्खा के दिवंगत होने से एथलेटिक्स की दुनिया में एक महान युग का अंत हो गया। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, खेल मंत्री से लेकर देश की जानी मानी हस्तियों ने कोविड की चपेट से आने के पूर्व युवाओं की तरह फिट मिल्खा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।