पुष्कर सिंह धामी बने उत्तराखंड के नए CM, राज्यपाल ने दिलाई शपथ



लखनऊ / देहरादून (डेस्क) - पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने रविवार को मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ 11 वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी शपथ ग्रहण की।

धामी के साथ 11 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। इनमें सतपाल महाराज, डॉ हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, डॉ धन सिंह रावत, बिशन सिंह चुफल, गणेश जोशी, अरविंद पांडे, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, यतेश्‍वरानंद और बंशीधर भगत का नाम शामिल है। ये सारे मंत्री तीरथ सिंह रावत सरकार में भी शामिल थे। खास बात यह रही कि इस बार कोई राज्‍य मंत्री नहीं बना। सभी को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।

पुष्कर सिंह धामी से पहले तीरथ सिंह रावत को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया था, लेकिन संवैधानिक संकट के चलते उन्होंने चार महीने के भीतर ही इस्तीफा दे दिया था |