देश में कोरोना के मामलों में आई गिरावट,24 घंटे में आए 34,703 नए केस, 553 लोगों की मौत



भारत समेत दुनिया भर के 190 से ज्यादा देश कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण से प्रभावित हैं।  भारत में कोरोना का कहर लगातार कम होता हुआ दिख रहा है। नए मामलों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकडो़ं के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 34,703 नए COVID-19 केस सामने आए हैं, जो कि पिछले 111 दिन में आए सबसे कम मामले हैं।

4.64 लाख एक्टिव केस बचे : पिछले 24 घंटे में 17714 एक्टिव केस कम हुए हैं। इसके बाद वर्तमान में कोरोना के कुल एक्टिव केस की संख्या घटकर 4.64 लाख रह गई है। उधर, ताजा आंकड़ों को मिलाकर देश में अब कुल पॉजिटिव केस 3.06 करोड़ के पार हो गए हैं। इनमें से 2.97 करोड़ ठीक हो चुके हैं।

24 घंटे में तीन गुना डोज लगे : देश में 16 जनवरी से चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत तेजी से लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। एक दिन के अंदर रिकॉर्ड तीन गुना अधिक वैक्सीन डोज लगाई गई हैं। पिछले 24 घंटे में 45.82 लाख वैक्सीन डोज लगे हैं, जबकि बीते दिन 5 जुलाई को 14.81 लाख डोज ही लगे थे। अब देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 35.75 करोड़ के पार हो गया है।

दैनिक मौतों की संख्या में गिरावट : कोरोना के नए मामलों में गिरावट के साथ अब दैनिक मौतों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में 553 मौतें दर्ज की गई हैं। बीते दिन 5 जुलाई को 723 मौतें हुई थीं। उधर, नए दैनिक केस की तुलना में अधिक मरीजों की जिंदगी बचाने का सिलसिला लगातार 54वें दिन भी जारी रहा है। पिछले 24 घंटे में 51864 कोरोना मरीजों को ठीक किया गया है। बीते दिन 42352 मरीज रिकवर हुए थे।