पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए सिद्धू , चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त



पंजाब में कांग्रेस के अंदर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच जारी टकराव पर एआईसीसी (ऑल इंडिया कांग्रेस समिति) की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विराम लगा दिया है। उन्होंने सिद्धू को तत्काल प्रभाव से रविवार को पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके यह जानकारी दी। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 'कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।' इसके साथ ही पंजाब कांग्रेस में 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं।

वह सुनील जाखड़ की जगह लेंगे। इस संबंध में जारी एक आदेश में कहा गया है कि अभी तक यह जिम्मेदारी संभाल रहे सुनील जाखड़ के योगदान के लिए पार्टी उनकी सराहना करती है। रविवार को पंजाब कांग्रेस के सांसदों ने नवजोत सिंह सिद्धू को राज्य प्रमुख बनाए जाने का विरोध किया और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात का समय मांगा था | इसके बाद सिद्धू के राह में रोड़े नजर आने लगे थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने रविवार शाम को सिद्धू को पंजाब कांग्रेस बनाए जाने का ऐलान कर दिया |