कोई बड़ी कंपनी नहीं, ओडिशा सरकार है भारतीय हॉकी टीम की स्पॉन्सर



टोक्यो ओलंपिक्स में भारतीय हॉकी टीम (पुरुष और महिला), दोनों ही हॉकी टीमें सेमीफाइनल (Semifinal) में पहुंच गई हैं। ओलंपिक के इतिहास में यह पहली बार है, जब भारत की महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है, अब दोनों ही टीमों से मेडल की उम्मीद जग गई है।

इस बीच सोशल मीडिया पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की जमकर चर्चा होना शुरू हो गई है। आमतौर पर खेलो के महाकुंभ में शामिल होने वाली टीमों को बड़े कॉरपोरेट्स स्पॉन्सर करते हैं, पर भारतीय हॉकी के साथ ऐसा नहीं है। दरअसल भारतीय हॉकी टीम को  खुद ओडिशा सरकार स्पॉन्सर कर रही है, इसे लेकर ही सोशल मीडिया पर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की जमकर तारीफ हो रही है। भारतीय हॉकी टीम को जब वित्तीय सहायता की जरूरत थी, तब कोई और नहीं, बल्कि नवीन पटनायक ही साथ खड़े हुए। उनकी सरकार ने दोनों टीमों को स्पॉन्सर किया।

भारतीय हॉकी टीम को स्पॉन्सर करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य है। ओडिशा सरकार से पहले सहारा ने भारतीय हॉकी को स्पॉन्सर किया था, पर साल 2018 में सहारा ने आधिकारिक स्पॉन्सरशिप वापस ले ली थी।