यूपी विधानसभा चुनाव मिशन 2022 : बीजेपी शुरू करेगी " ज़न आशीर्वाद यात्रा " पहले चरण में चार मंत्री करेंगे आगाज़



  • जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान जगह-जगह स्वागत सभाएं होगी
  • दिल्ली में जन आशीर्वाद यात्रा में हिस्सा लेंगे केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी और मीनाक्षी लेखी

लखनऊ  - यूपी में अगले साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मिंयां बढ़ गईं हैं | इसी के तहत यूपी में आज से बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा  का आगाज होने जा रहा है | बीजेपी जन आशीर्वाद यात्रा के लिए सबसे पहले पार्टी के चार केंद्रीय मंत्रियों की यात्रा शुरू होगी | जन आशीर्वाद यात्रा 16 अगस्त से अलग-अलग स्थानों से शुरू होगी | जिसके बाद 20 अगस्त को इन यात्राओं का समापन होगा | इस यात्रा के दौरान यूपी की 3 दर्जन लोकसभाओं, 120 से अधिक विधानसभाओं से गुजरते हुए लगभग 3500 किमी से अधिक की दूरी तय की जाएगी।

यात्रा का मकसद केंद्र और यूपी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और विपक्षियों के हमलों का जवाब देना है | केंद्रीय मंत्रियों की ये जन आशीर्वाद यात्रा 16 अगस्त को सुबह 9 बजे लखनऊ से निकलेगी | केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, अजय मिश्रा और पंकज चौधरी कल सुबह 9 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुचेंगे | लखनऊ एयरपोर्ट पर मंत्रियों का स्वागत होगा, इसके बाद तीनों मंत्री अपने निर्धारित ज़िलों में आशीर्वाद यात्रा पर निकलेंगे |

केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मीनाक्षी लेखी सोमवार से राष्ट्रीय राजधानी में शुरू होने जा रही चार दिवसीय जन आशीर्वाद यात्रा में भाग लेंगे | केंद्रीय मंत्रिपरिषद में पिछले महीने विस्तार होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने घोषणा की थी कि नए मंत्री लोगों से संपर्क साधने के लिए यात्रा करेंगे। दिल्ली के सभी सात लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली 107 किलोमीटर की यात्रा के दौरान पुरी 272, जबकि लेखी 47 कार्यक्रमों में भाग लेंगी | यह यात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी।