यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह का निधन, लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल में ली अंतिम सांस



लखनऊ  (डेस्क)- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का शनिवार रात निधन हो गया। उन्हें चार जुलाई को संजय गांधी पीजीआई के Critical Care medicine के आईसीयू में गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया था। लंबी बीमारी और शरीर के कई अंगों के धीरे-धीरे फेल होने के कारण आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

शुक्रवार को ही सीएम योगी आदित्यनाथ, कल्याण सिंह की तबीयत का हालचाल लेने एसजीपीजीआई गए थे।  तब वहां पर मौजूद डॉक्टरों की टीम ने बताया था कि राजस्थान  के पूर्व राज्यपाल की स्थिति  गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया था और हाई प्रेशर ऑक्सीजन भी देनी पड़ रही थी। लेकिन शनिवार देर रात स्थिति ज्यादा बिगड़ गई और डॉक्टरों की टीम कल्याण को नहीं बचा सकी।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है और 23 अगस्त को अवकाश घोषित किया है। सूत्रों के मुताबिक कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को उनके गृहनगर में होगा।  

कल्याण सिंह भाजपा के कद्दावर नेताओं में से एक थे। कल्याण सिंह दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और अतरौली के विधानसभा के सदस्य थे। वह बुलंदशहर तथा एटा से लोकसभा सदस्य भी रहने के साथ राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे। राज्यपाल के रूप में अपना कार्यकाल समाप्त करने के बाद कल्याण सिंह ने लखनऊ में आकर एक बार फिर से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी ।