पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम से जाने जायेंगे बुलंदशहर स्थित मेडिकल कॉलेज और लखनऊ स्थित कैंसर संस्थान



लखनऊ(डेस्क)  -  उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए योगी सरकार ने लखनऊ में कैंसर इंस्‍टीच्‍यूट और बुलंदशहर के सरकारी मेडिकल कालेज का नाम उनके नाम पर रखने का निर्णय लिया है। इस प्रस्‍ताव को सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने हरी झंडी दे दी है।

बता दें  पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह  का शनिवार रात लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया था।  वह 89 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर का सोमवार को बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

गौरतलब है कि इसके पहले सरकार प्रदेश के छह जिलों में सड़कों का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह मार्ग करने का फैसला कर चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने केशव प्रसाद मौर्य ने ऐलान किया था कि अयोध्या, लखनऊ, प्रयागराज, अलीगढ़, बुलंदशहर और एटा की एक-एक सड़कों का नामकरण कल्‍याण सिंह के नाम पर किया जाएगा।

प्रदेश में भाजपा को ऊंचाईयों तक पहुंचाने में कल्याण की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन को निर्णायक मोड़ तक ले जाने में उनका योगदान जगजाहिर है। राज्यपाल पद से हटने के बाद कल्याण ने फिर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की तो मुख्यमंत्री से लेकर संगठन के शीर्ष नेताओं तक ने एक मार्गदर्शक के रूप में उन्हें सम्मान दिया