मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अलीगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी के शिलान्यास कार्यक्रमों की तैयारिओं का का लिया जायजा



लखनऊ  - अपर मुख्य सचिव ‘सूचना’ नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज जनपद अलीगढ़ में प्रधानमंत्री मोदी के शिलान्यास कार्यक्रमों का जायजा ले रहे है एवं कल 14 सितम्बर अलीगढ़ में प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर एवं राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे । उन्होंने बताया कि प्रस्तावित डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना में स्थानीय लोगों को लाभ होगा साथ ही विश्वविद्यालय के माध्यम से आधुनिक शिक्षा व विद्या से क्षेत्रीय युवा पारगंत होंगे।

3T के कारण ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण है नियंत्रित  : श्री सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री जी के 3टी (ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट)अभियान के अभिनव प्रयास से प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रित है। अन्य प्रदेशों में जहां कोविड के केस लगातार बढ़ रहे है वहीं 3टी के कारण ही 30 अप्रैल, 2021 के एक्टिव मामले 3,10,783 से घटकर मात्र 175 हो गये है तथा 30 अप्रैल के प्रतिदिन कोविड केस 38 हजार से घटकर 14 हो गये है।

यूपी में निगरानी समितियों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी प्राप्त करने का हो रहा अभिनव प्रयोग : निगरानी समितियों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी प्राप्त करने का अभिनव प्रयोग केवल यूपी में हो रहा है। सर्विलांस के माध्यम से सरकारी मशीनरी द्वारा उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ की जनसंख्या में से अब तक लगभग 17.24 करोड़ से अधिक लोगों से उनका हालचाल जाना गया है। लक्षणयुक्त व्यक्तियों का टेस्ट कराकर संक्रमण होने पर निःशुल्क मेडिकल किट भी बांटी गयी है।  

नहीं घटाई जा रही टेस्ट की संख्या : श्री सहगल ने बताया कि प्रदेश में सक्रिय मामले कम होने पर भी कोविड-19 के टेस्ट करने की संख्या घटाई नहीं जा रही हैं। कोविड संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए समय से पहचान व इलाज जरूरी है। कल एक दिन में 1,80,599 कोविड टेस्ट किये गये है, और अब तक 7,51,27,089 कोविड टेस्ट किये गये है जो कि देश में सर्वाधिक है।

टीकाकरण का कार्य वृहद स्तर पर किया जा रहा है : उन्होंने बताया कि प्रदेश में सर्विलांस, टेस्टिंग एवं टीकाकरण का कार्य वृहद स्तर पर किया जा रहा है। प्रदेश में 7,22,57,443 लोगों को पहली डोज तथा 1,46,59,873 लोगों को दूसरी डोज तथा कुल 8,69,17,316 डोजें लगायी गयी हैं, जोकि देश में किसी भी राज्य से ज़्यादा हैं।  

चलाया जा रहा प्रदेशव्यापी सर्विलांस अभियान : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बरसात के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया व अन्य वायरल बीमारियों के संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए प्रदेशव्यापी सर्विलांस अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत बरसात के बाद मच्छरजनित और जलजनित रोग से बचने के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अभियान को संचालित करने हेतु वरिष्ठ नोडल अधिकारियों को जनपदों में भेजा गया है।