Time Magazine की 100 'सबसे प्रभावशाली लोगों' की सूची में मोदी-ममता और अदार पूनावाला हुए शामिल



नई दिल्ली (डेस्क) - टाइम पत्रिका द्वारा जारी 2021 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अदार पूनावाला शामिल हैं। बता दें  टाइम ने बुधवार को ‘2021 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों’ की अपनी वार्षिक सूची जारी की है।

नेताओं की इस वैश्विक सूची में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, उप राष्ट्रपति कमला हैरिस, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ड्यूक और डचेस ऑफ ससेक्स प्रिंस हैरी और मेगन और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शामिल को भी इस लिस्ट में रखा गया है। वहीं तालिबान के सह-संस्थापक मुल्ला अब्दुल गनी बरादर भी सूची में शामिल हैं। तालिबान को अफगानिस्तान में फिर से सत्ता पर काबिज करने में मुल्ला अब्दुल गनी बरादर ने अहम भूमिका निभाई है।

बीते साल भी टाइम ने दुनिया के 100 प्रभावशाली लोगों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जगह दी थी। मैगजीन की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची को सबसे शक्तिशाली और भरोसेमंद सूचियों में से एक माना जाता है। प्रत्येक व्यक्ति को मैगजीन के संपादकों द्वारा उनके असाधारण कार्य के लिए चुना जाता है। बता दें कि मैगजीन ने 100 प्रभावशाली लोगों की इस सूची की 6 श्रेणिया बनाई हैं. इनमें नेता, कलाकार, पायनियर, आइकन, टाइटन और अन्वेषक शामिल हैं।