लखीमपुर Update : लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी, अजय मिश्र से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की मुलाकात



लखनऊ  - प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी अब खत्म हो गई है। उनको यूपी पुलिस ने सीतापुर में रिहा कर दिया है। अब वह गेस्ट हाउस से कहीं भी जा सकती हैं, लेकिन अभी प्रियंका वहां राहुल गांधी का इंतजार कर रही हैं, वहीं से दोनों आगे साथ लखीमपुर जाएंगे। यूपी के गृह विभाग के मुताबिक राहुल, प्रियंका के अलावा तीन दूसरे नेताओं को भी लखीमपुर खीरी जाने की परमिशन मिली है। इसके अलावा सभी विपक्षी दल एक बार पांच लोगों के साथ लखीमपुर जा सकेंगे।  

बता दें कांग्रेस नेता राहुल गांधी लखनऊ पहुंच गए हैं। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी मौजूद हैं।

लखीमपुर खीरी की घटना पर एडीजी (क़ानून-व्यवस्था), उत्तर प्रदेश प्रशांत कुमार ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार किसी भी कीमत पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और मामले की पूरे पारदर्शी तरीक से कार्रवाई की जा रही है।

गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र से मिले अमित शाह : केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद अटकलों का बाजार गर्म है और तरह-तरह के कयास लगने शुरू हो गए हैं। बता दें रविवार को लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद से ही केंद्रीय मंत्री विपक्ष के निशाने पर हैं, विपक्ष उनका इस्तीफा और आरोपी बेटे की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है |