पिछले 75 वर्षों में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी क्षेत्र में अहम योगदान देने वाले वैज्ञानिकों का सम्मान करेगी सरकार



नई दिल्ली - देश के नागरिकों को सशक्त बनाने में आज ई-गवर्नेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स और इनफाॅर्मेशन टेक्नोलॉजी अहम भूमिका निभा रहे हैं। आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में हमारे वैज्ञानिक और पेशेवरों ने पूरी दुनिया में भारत का नाम स्थापित किया है। लेकिन यह पहचान कुछ वर्षों में ही नहीं बनी है, बल्कि इसके पीछे है आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में काम करने वाले हमारे ‘टेक चैंपियंस’ का अहम परिश्रम और दूरदर्शी सोच। आजादी के अमृत उत्सव में केंद्र सरकार ऐसी प्रतिभाओं का पहली बार सम्मान करने जा रही है।

इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने पिछले 75 वर्षों में इन क्षेत्रों में अहम योगदान देने वाले वैज्ञानिकों के सम्मान में नामांकन आमंत्रित किए हैं। देश भर के लोग वेब पोर्टल www.innovateindia.mygov.in पर नामांकन जमा कर सकते हैं। नामांकन भरने की शुरुआत 15 सितंबर से हो चुकी है। इसकी अंतिम तारीख 7 नवंबर है।