अयोध्या : CM योगी ने भगवान राम का किया राजतिलक



लखनऊ (डेस्क) - आज यानि बुधवार को 5वें दीपोत्सव पर 12 लाख दिए जलाकर सरकार अपना पुराना रिकॉर्ड तोड़ेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार वहीं, शाम को होने वाले दीपोत्सव में पांच देशों से आये करीब 10 हजार अतिथि गवाह बनेंगे।

दोपहर में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण पुष्पक विमान (हेलीकाप्टर) से अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हेलीपैड से सभी का स्वागत किया। इसके बाद प्रभु राम को रामकथा पार्क तक रथ से लाया गया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा, 31 साल पहले अयोध्या में क्या हो रहा था, रामभक्तों पर बर्बर तरीके से गोलियां चलाई गईं थीं। आप देखना कि अगर अगली कारसेवा होगी, तो गोली नहीं चलेगी, रामभक्तों व कृष्णभक्तों पर पुष्पों की वर्षा होगी।

दीपोत्सव को देखने के लिए 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' की एक टीम अयोध्या में है। विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए मिट्टी के एक दीए को कम से कम पांच मिनट तक जलाना होगा।

अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने एक अहम एलान भी किया। उन्होंने कहा कि आज एक पवित्र अवसर है और राम राज्य के स्वप्न को पूरा करने के लिए हम मुफ्त राशन योजना (प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना) का होली तक विस्तार कर रहे हैं। अंत्योदय कार्ड धारकों को अब दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च में 35 किलो मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। साथ ही सीएम योगी ने कहा कि 2023 तक भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसे कोई नहीं रोक सकता।