उत्तर प्रदेश : रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह ने भाजपा में शामिल



लखनऊ (डेस्क) - यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। रायबरेली की सदर सीट से विधायक अदिति सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के साथ आजमगढ़ जिले के सगड़ी विधानसभा से बसपा विधायक वंदना सिंह को भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई है।

बता दें कांग्रेस विधायक पिछले कई महीनों से भाजपा की प्रशंसा और कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करती रही हैं। इसके लिए उन्हें कांग्रेस की तरफ से नोटिस भी दिया जा चुका है। बीते दिनों उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए उन्हें सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया था और उनकी टीम में शामिल होने की इच्छा जताई थी।