निराश्रित गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन हेतु जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा बेहतर कार्य



अमेठी 28 मई 2021, जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि जनपद में निराश्रित/बेसहारा गौ-वंशो की बेहतर देखरेख एवं संरक्षण के उद्देश्य से जनपद में 48 अस्थाई गोवंश स्थल ग्राम पंचायत स्तर पर, 04 नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत में कांजी हाउस तथा शहरी क्षेत्र में अस्थाई गोवंश आश्रय स्थल व 02 बृहद गोवंश संरक्षण केंद्र ग्राम नेवादा विकासखंड मुसाफिरखाना व ग्राम सरैया दुबान विकासखंड अमेठी में स्थापित किया गया है जहां पर जनपद के निराश्रित बेसहारा गोवंश का भली-भांति संरक्षण करने के साथ ही वर्मी कंपोस्ट तैयार कर क्षेत्रीय पशु पालकों को दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि बेसहारा गोवंशों के बेहतरीन संरक्षण एवं संवर्धन हेतु मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता  योजना जनपद में संचालित की गई है जिसके अंतर्गत अब तक 307 व्यक्तियों/पशुपालकों को 687 गोवंशों की सुपुर्दगी भी की गई है व उनके भरण-पोषण हेतु प्रति पशु ₹900 मासिक डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में दिया जाता है। वर्तमान समय में जनपद में कुल 2925 गोवंश गो-आश्रय स्थलों पर एवं 687 गोवंश  मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजनान्तर्गत सुपुर्द किए गए हैं इस तरह अब तक कुल  3612 गोवंश को संरक्षित किया गया है। इसके साथ ही चारे की उपलब्धता के लिए जनपद के स्थाई/अस्थाई/कांजी हाउस आदि गौवंश आश्रय स्थलों में गोवंशों हेतु 3215 कुंटल भूसे का भंडारण भी कराया गया है। इसके साथ ही संरक्षित गोवंश को हरा चारा उपलब्ध कराए जाने के संबंध में हरे चारे की बुवाई की जा रही है जिसके लिए समस्त खंड विकास अधिकारियों/उप मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारियों/पशुचिकित्सा अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित ग्राम सभा या उसके आसपास की ग्राम सभा जहां पर गोवंश संरक्षित किए गए हैं के संबंधित लेखपाल एवं ग्राम विकास अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है की भूमि का चिन्हांकन कराते हुए हरे चारे की प्रचुर मात्रा में उपलब्धता हेतु ससमय हरे चारे की बुवाई की जाय। साथ ही जिलाधिकारी ने बताया कि समस्त संबंधित अधिकारी/कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि संरक्षित/सुपुर्द गोवंश की देखरेख नियमित व संरक्षित गोवंश का समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण भी किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया की समस्त गो आश्रय स्थलों पर समस्त उपबंध कर लिए गए हैं। इसी क्रम में उन्होंने बताया कि एक नवीन बृहद गो संरक्षण केंद्र ग्राम सिंहपुर विकासखंड सिंहपुर में निर्माण हेतु प्रस्तावित है।