पहली बार गोरखपुर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे CM योगी आदित्यनाथ



गोरखपुर - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। गोरखपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार बनाये गए आदित्यनाथ ने इसके पहले सांसद और विधान परिषद सदस्य के रूप में ही प्रतिनिधित्व किया है।

आदित्यनाथ के राजनैतिक सफर की शुरुआत गोरखपुर संसदीय सीट से वर्ष 1998 में हुई और यहां से वर्ष 2017 तक सांसद रहे। वह सबसे पहले वर्ष 1998 में यहां से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़े थे। उस चुनाव में उन्होंने बहुत ही कम अंतर से जीत दर्ज की थी, लेकिन उसके बाद हर चुनाव में उनके जीत का अंतर बढ़ता गया। वे वर्ष 1999, 2004, 2009 तथा वर्ष 2014 में सांसद चुने गए।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने गोरखपुर संसदीय सीट छोड़ी। आठ सितंबर 2017 को वह विधानपरिषद के लिए चुने गए। वर्ष 2022 में वह पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। इसकी वजह गोरखपुर सदर सीट पर उनको ज्यादा वक्त न देने के बाद भी सफलता आसानी से मिलने की वजह मानी जा रही है। यह सीट अन्य सीटों से अधिक सेफ मानी जा रही है। गोरखपुर जिले में विधानसभा की नौ सीटें हैं। यहां हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और हिन्दू युवा वाहिनी की अपनी टीम भी है।