भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को उप्र में करेंगे डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार



-आगरा और बरेली में भाजपा अध्यक्ष के कई कार्यक्रम

लखनऊ -  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 21 जनवरी यानि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। वह आगरा और बरेली में कई संगठनात्मक बैठकें करेंगे और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने गुरुवार को यहां बताया कि श्री नड्डा शुक्रवार को सुबह 10 बजे आगरा पहुंचेंगे और 10:20 बजे कलेक्ट्रेट चैराहा स्थित प्रसिद्ध राउली महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात् पूर्वाह्न 10:50 बजे एसएनजी गोल्ड रिसॉर्ट, आगरा में आगरा, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, फिरोजाबाद क्षेत्र की विधानसभाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। तत्पश्चात् इसी स्थान पर पूर्वाह्न 11:50 बजे अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी क्षेत्र की विधानसभाओं के पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

प्रदेश सह मीडिया प्रभारी के अनुसार भाजपा अध्यक्ष शुक्रवार को ही अपराह्न 02:30 बजे बरेली पहुंचेंगे। वहां आईआईएम हॉल में अपराह्न 02:50 बजे पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम 04:45 बजे श्री नड्डा बरेली में भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का अनुसरण करते हुए डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार करेंगे। इसके बाद देर शाम सवा सात बजे बरेली जिले की विधानसभाओं के प्रमुख सामाजिक व्यक्तियों के साथ वह बैठक भी करेंगे।