पंजाब में भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37 और संयुक्त अकाली दल 15 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव



- भाजपा मुख्यालय में नड्डा, कैप्टन और ढ़ींढसा ने किया सीट बंटवारे का एलान

नई दिल्ली - पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल (ढींढ़सा) के बीच सीटों के बंटवारे का एलान हो गया है । अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे 117 सीटों वाले इस राज्य में भाजपा 65, पंजाब लोक कांग्रेस 37 और संयुक्त अकाली दल (ढ़ींढसा) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पंजाब लोक कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह, संयुक्त अकाली दल (ढ़ींढसा) प्रमुख सुखदेव सिंह ढ़ींढ़सा ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की। इस दौरान पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश और पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्विनी कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

नड्डा ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और संयुक्त अकाली दल-ढिंढसा, हम सब मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और 15 सीटों पर संयुक्त अकाली दल-ढिंढ़सा चुनाव लड़ेंगे।