महिला सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि के संकल्प को दोहराने का अवसर है अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस : राष्ट्रपति



नई दिल्ली -  राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराने का अवसर है ताकि महिलाएं अपनी पूरी क्षमता को साकार कर और राष्ट्र के विकास में भरपूर योगदान दे सकें।

राष्ट्रपति कोविन्द ने हर साल 8 मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि मैं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। आज के निरन्तर परिवर्तनशील विश्व में भारतीय महिलाएं अपने परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए जीबन के हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और देश को आगे बढ़ाने में प्रमुख रूप से भाग ले रही हैं।

हमारी बेटियां आगे चलकर पारिवारिक, सामाजिक और राष्ट्रीय जीबन में अपनी आकांक्षाओं के अनुरूप भूमिका का निर्वाह कर सकें, इसके लिए उन्हें आज से ही सशक्त और स्वावलंबी बनाने में हम सभी का यथेष्ट योगदान होना चाहिए।

आठ मार्च का यह दिन महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समृद्धि को सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराने का भी अवसर है जिससे महिलाएं अपनी पूरी क्षमता को साकार कर सकें और राष्ट्र के विकास में भरपूर योगदान दे सकें।