यूपी चुनावः बुंदेलखंड की 19 में से 16 सीटों पर भाजपा की बढ़त



झांसी - बुंदेलखंड में भाजपा का झंडा फिर बुलंद होगा, यह लोगों को उम्मीद थी, लेकिन आश्चर्य तो तब हुआ जब इस अंचल के सपा, बसपा और कांग्रेस के कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा मोदी-योगी की लहर में तबाह हो गई। कोई मिनी मुख्यमंत्री तो कोई पूर्व केंद्रीय मंत्री और कोई बसपा प्रमुख के दाहिने हाथ कहे जाने वाले दिग्गज धूल फांकते नजर आए।

बुंदेलखंड अंचल की 19 विधानसभा सीटों में से 16 सीटों पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है। सुबह मतगणना शुरू होते ही भाजपा के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। प्रदेश भर में 263 सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। बुंदेलखंड की 19 सीटों में से 16 पर भाजपा, दो पर सपा और एक सीट पर बसपा आगे चल रही है। यह तीनों सीटें बुंदेलखंड के जालौन जनपद के कालपी, बांदा के बबेरू और चित्रकूट है। वहां राज्यमंत्री चन्द्रिका प्रसाद उपाध्याय की सपा उम्मीदवार अनिल प्रधान से कड़ी टक्कर चल रही है।

बुंदेलखंड के नेताजी और सपा शासन में मिनी मुख्यमंत्री कहे जाने वाले डॉ. चन्द्रपाल सिंह यादव, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन, बाबू सिंह कुशवाहा, पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के राइट हैंड कहे जाने वाले नसीमुद्दीन सिद्दीकी जैसे तमाम नाम चुनाव हारने वालों में शामिल हैं।