उप राष्ट्रपति नायडू सिक्किम पहुंचे, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत



गंगटोक - उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू शुक्रवार को राजधानी गंगटोक पहुंचे। उप राष्ट्रपति आज दो दिवसीय यात्रा पर सिक्किम पहुंचे हैं। वे राजधानी गंगटोक के लिविंग स्थित सेना के हेलीपैड पर भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से पहुंचे।

सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, सिक्किम विधानसभा अध्यक्ष एलबी दास, मंत्रियों, लोकसभा सांसद इंद्र हांग सुब्बा, मुख्य सचिव एससी गुप्ता, भारतीय सेना के प्रतिनिधियों ने उप राष्ट्रपति का स्वागत किया। उपराष्ट्रपति नायडू को सिक्किम सशस्त्र पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद वे राजभवन के लिए रवाना हुए।

उप राष्ट्रपति नायडू आज कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। वे राजधानी के सम्मान भवन में आयोजित होने वाले समारोह के दौरान वर्चुअल माध्यम से कंचनजंगा राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद राजभवन में स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा का उद्घाटन करेंगे। वह हाल ही में यूक्रेन से लौटे सिक्किम के छात्रों से बातचीत भी करेंगे। वे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। वे शनिवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होंगे।