भगवंत मान बने पंजाब के 18वें मुख्यमंत्री



चंडीगढ़ - आम आदमी पार्टी विधायक दल के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने खटकड़ कलां में भगवंत मान को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह के चलते खटकड़ कलां पूरी तरह से बसंती रंग में रंगा हुआ नजर आया। भगवंत मान की अपील के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे लोग बसंती रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचे। समारोह स्थल पर तीन मंच लगाए गए। इसमें से एक मंच पर पंजाब के नवनिर्वाचित विधायक बैठे तो दूसरे मंच पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा दिल्ली सरकार के कई मंत्री तथा विधायक मौजूद रहे। अरविंद केजरीवाल समेत मंच पर मौजूद तमाम नेता बसंती रंग की पगड़ी पहने हुए थे।

तीसरे और मुख्य मंच पर पंजाब के राज्यपाल और भगवंत मान के अलावा पंजाब के मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव वेणु प्रसाद मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल द्वारा 12ः30 बजे का समय दिया गया था। इसके चलते राज्यपाल पुरोहित समारोह स्थल पर दोपहर करीब 12 बजे ही पहुंच गए। उन्होंने शहीद भगत सिंह मेमोरियल पर श्रद्धांजलि भेंट की। इसके बाद राज्यपाल को करीब 45 मिनट भगवंत मान का इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि विजिबिल्टी के कारण भगवंत मान का हेलीकाप्टर देरी से पहुंचा।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाबी में शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद भगवंत मान ने इंकलाब जिंदाबाद का नारा लगाया। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन, गोपाल राय समेत कई विधायक मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक गुरदास मान, कॉमेडियन करमजीत अनमोल के अलावा कांग्रेस के सासंद एवं लोकगायक मोहम्मद सद्दीक का पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा।