मप्रः शिवराज सरकार के सत्ता में वापसी के दो साल पूरे, प्रदेशभर में जश्न का माहौल



- विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने आवास के बाहर सजाए 15 बुलडोजर, ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत

भोपाल - मध्य प्रदेश में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिरने के बाद दो साल पहले आज के ही दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा सरकार की सत्ता में वापसी हुई थी। कमलनाथ ने 20 मार्च, 2020 को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने 23 मार्च को राज्य में चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल के बुधवार को दो साल पूरे हो गए। इस अवसर पर प्रदेशभर में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री चौहान का भोपाल में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने बंगले पर अनूठे तरीके से स्वागत किया।

उन्होंने अपने बंगले के बाहर बुलडोजर की लाइन खड़ी कर दी और मुख्यमंत्री चौहान का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जो बेटी, मां-बहनों की तरफ गलत नजर उठाता है, उसके लिए सामान्य सजा पर्याप्त नहीं है। जमानत हुई और फिर आ गए। अब हम ऐसा सबक सिखाएंगे कि अपराधी कांप जाएंगे। कानून सजा देगा लेकिन बुलडोजर भी चलेगा। ऐसे अपराधियों के मकान जमींदोज कर दिए जाएंगे।

शिवराज सरकार की चौथी पारी के दो साल पूरे होने पर राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में जश्न का माहौल है। बुधवार सुबह से कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा नेता व कार्यकर्ता खुशियां मना रहे हैं। इसी के तहत शहर की हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी अनूठा आयोजन किया। उन्होंने अपने मालवीय नगर स्थित आवास 'युवा सदन' के बाहर 15 बुलडोजर खड़े करवाए हैं। बड़ी संख्या में यहां भाजपा कार्यकर्ता जमा हुए और ढोल-ढमाके बजाकर मुख्यमंत्री के दो साल पूरे होने का जश्न मनाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनके आवास पर पहुंचे तो भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया और उन्होंने 'बुलडोजर मामा जिंदाबाद' के नारे लगाए।

इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि बेटियों के आरोपितों के घरों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बुलडोजर चल रहा है। श्योपुर के बाद रायसेन के सिलवानी में भी गरीबों पर जुल्म करने वाले आरोपितों के घर तोड़े गए हैं। रतलाम में ऐसी ही कार्रवाई की गई है। प्रदेश भर में निरंतर दुराचारियों के आरोपितों के घर तोड़ जा रहे हैं। आगामी दिनों में भी तोड़े जाएंगे।

मुख्यमंत्री चौहान को एक सौम्य, मृदु नेता के रूप में जाना जाता है लेकिन अब उनकी आक्रमण वाली छवि दिखने लगी है। उन्होंने पिछले दो-तीन दिन में बेटियों व महिलाओं से दुराचार करने वाले आरोपितों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। वे कई सभाओं में कह चुके हैं कि जो गलत काम करेगा, उन आरोपितों के मकान जमींदोज करेंगे। श्योपुर में आरोपितों के मकान तोड़ने के बाद दो दिन पहले विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के होर्डिंग लगाए थे, जिसमें लिखा था कि आरोपितों के मकानों पर मामा शिवराज का बुलडोजर चलेगा।