लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे होंगे नए थलसेना प्रमुख



नई दिल्ली (डेस्क) - लेफ्टिनेंट जनरल मनोज पांडे अगले आर्मी चीफ होंगे। सरकार ने भारतीय सेना प्रमुख के रूप में उनकी नियुक्ति‍ पर मुहर लगा दी है। वे इस पद पह पहुंचने वाले पहले इंजीनियर अफसर हैं। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे अभी थल सेना के उप-प्रमुख है।  थल सेना का उप-प्रमुख बनने से पहले वह थल सेना की पूर्वी कमान का नेतृत्व कर रहे थे। इस कमान पर सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा की रक्षा की जिम्मेदारी है। वह जनरल एम.एम. नरवणे की जगह लेंगे जो इस महीने के अंत तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं।

ले. जनरल मनोज पांडे पहली मई को 29वें सेना प्रमुख के तौर पर पदभार ग्रहण करेंगे। जनरल मनोज मुकुंद नरवणे 30 अप्रैल को अपना 28 महीने का कार्यकाल पूरा करने वाले हैं। ले. जनरल पांडे ने  अपने बेहतरीन करियर में कई अहम पदों पर काम किया और विभिन्न इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियानों में भाग लिया. उन्होंने जम्मू कश्मीर में ऑपरेशन पराक्रम के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली थी।  इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में एक पर्वतीय डिवीजन और पूर्वोत्तर में एक कोर की भी कमान संभाली थी।