माता वैष्णो देवी यात्रा का नया रूट बंद, बैटरी कार सेवा पर भी रोक



जम्मू  (डेस्क) - अगर आप माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। दरअसल त्रिकुटा पर्वत के घने जंगलो में आग लग गई है। जंगल में आग लगने के चलते वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं की परेशानी देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एहतियातन तौर पर नए ट्रैक पर यात्रा बंद कर दी है। इसके साथ ही बैटरी कार सर्विस पर भी रोक लगा दी है।

हालांकि पारंपरिक ट्रैक के जरिए तीर्थयात्रा जारी है। इसमें किसी भी प्रकार की कोई रुकावट नहीं है। रविवार की देर शाम त्रिकुटा पर्वत के वन क्षेत्र में सांजी छत हेलीपैड  के पास आग लग गई थी। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के चलते त्रिकुटा पहाडिय़ों में तेज हवाओं और कम दिखाई देने के चलते यात्रा को रोक दिया गया था।  श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग के मुताबिक, आग जम्मू के रियासी में त्रिकुटा वन रेंज में लगी है। तीर्थयात्रा पर कोई असर नहीं पड़ा है। लेकिन जंगल को नुकसान पहुंचा है।

बता दें कि माता वैष्णो देवी त्रिकुटा पर्वत पर निवास करती हैं और यही पर देवी का भवन बना हुआ है। जहां श्रद्धालु माता के दर्शन करने के लिए लाखों की संख्या में हर रोज पहुंचते है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यात्रा मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर आग लगी है। जंगल में चीड़ और देवदार के पेड़ अधिक हैं। तेज हवा के चलते धुआं यात्रा मार्ग तक पहुंच रहा है। बहुमूल्य वन संपदा आग में राख हो गई हैं। श्राइन बोर्ड और जिला प्रशासन के अधिकारी आग के बढ़ते दायरे पर नजर रखे हुए हैं।