नई दिल्ली में भारत-ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय बातचीत में रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर हुई चर्चा



रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक

नई दिल्ली (डेस्क) - रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह तथा ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री श्री रिचर्ड मार्लेस ने 22 जून, 2022 को नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। दोनों मंत्रियों ने वर्तमान रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की, जो कोविड-19 महामारी की चुनौतियों के बावजूद बढ़ती रही है तथा रक्षा सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की।

दोनों मंत्रियों ने रक्षा अनुसंधान तथा सामग्री सहयोग पर भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस समूह की बैठक ऑस्ट्रेलिया में इस वर्ष के अंत में होगी। संयुक्त कार्य समूह रक्षा उद्योगों के बीच संबंधों को बढ़ाने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। दोनों मंत्रियों ने सप्लाई चैन की लचीलता बढ़ाने तथा अपने रक्षा बलों को क्षमता प्रदान करने के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के रक्षा औद्योगिक आधारों के बीच अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर सहमति व्यक्त की।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस राष्ट्रीय युद्ध स्मारक गए और वहां श्रद्धांजलि अर्पित की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक के पहले ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री तथा रक्षा मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

बता दें रिचर्ड मार्लेस 20 से 23 जून, 2022 तक भारत की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह गोवा भी गए और गोवा शिपयार्ड लिमिटेड का दौरा किया तथा स्वदेशी ड्रोन विकास तथा स्वायत वाहन टेक्नोलॉजी में भारत की बढ़ती शक्ति के प्रदर्शन को देखा।