पूर्व जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए हमले की प्रधानमंत्री मोदी ने की निंदा



नई दिल्ली (डेस्क) - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने प्रिय मित्र जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए हमले की निंदा करते है। आबे को एक रैली को संबोधित करने के दौरान गोली मार दी गई थी, जिसकी वजह से वह अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मोदी ने ट्विटर पर कहा, "मेरे प्रिय मित्र आबे शिंजो पर हमले की मैं निंदा करता हूं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।"

राज्य प्रसारक एनएचके के अनुसार, यह घटना नारा शहर के यामातोसैदाईजी स्टेशन के पास (स्थानीय समयानुसार) लगभग 11.30 बजे हुई, जब 67 वर्षीय पूर्व नेता लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव अभियान के लिए भाषण दे रहे थे। वे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।

बताया जा रहा है कि शिंजो आबे के सीने में एक गोली लगी है, शिंजो आबे को तुरंत एयरलिफ्ट किया गया है. जापान के अधिकारियों के मुताबिक, 'जब शिंजो आबे को एयरलिफ्ट किया गया तब उनकी दिल की धड़कन बंद थी। ' इस बीच हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।  नारा शहर के रहने वाले 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी पर हमला करने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जापानी अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर ने गोली पीछे से चलाई जो शिंजो आबे के पीठ से होती हुई सीने में आ गई।