जोन-7 के वार्डों में औचक निरीक्षण, गंदगी मिलने पर कर्मियों पर कार्रवाई और जुर्माना



लखनऊ । जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना  तथा महापौर  ने जोन-7 के चार वार्डों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, चीफ इंजीनियर महेश वर्मा, मनोज प्रभात और जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सुबह करीब 7 बजे मैथिलीशरण गुप्त वार्ड स्थित भूतनाथ मार्केट का निरीक्षण किया गया। यहां भूतनाथ मेट्रो स्टेशन के नीचे बने सार्वजनिक शौचालय की स्थिति का जायजा लेते हुए स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। स्थानीय नागरिकों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर फीडबैक लिया गया, जिसमें अनियमितता की शिकायतें सामने आने पर अधिकारियों को प्रतिदिन नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भूतनाथ मार्केट के पीछे स्थित कॉलोनी में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर संबंधित एसएफआई को कड़ी फटकार लगाते हुए दो दिन के वेतन कटौती के आदेश दिए गए। साथ ही संबंधित एजेंसी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा बीट इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया। 

प्रभारी मंत्री ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि इंजीनियरिंग विभाग की गैंग टीम को सशक्त किया जाए, ताकि छोटे सड़क मरम्मत कार्य तत्काल कराए जा सकें। इंदिरा नगर वार्ड में मुख्य मार्गों, नालियों और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई का निरीक्षण भी किया गया। अरविंदो पार्क के पीछे गलियों में सड़क पर कूड़ा मिलने पर मंत्री और महापौर ने नाराजगी जताई। इस पर संबंधित एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, वहीं बीट इंचार्ज और संबंधित कर्मियों के वेतन कटौती के निर्देश दिए गए। इस्माइलगंज प्रथम वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, रोड स्वीपिंग और नालियों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। सेक्टर-14 तिराहे पर सड़क पर लोहे की रॉड मिलने पर मंत्री ने 24 घंटे के भीतर उसे हटाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर बीट इंचार्ज को निलंबित किया गया तथा संबंधित एजेंसी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। बाबू जगजीवन राम वार्ड में भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, रोड स्वीपिंग और नालियों की सफाई का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि लखनऊ शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।