लखनऊ में कल कल्याण सिंह की 9 फीट ऊंची प्रतिमा का सीएम योगी करेंगे अनावरण



लखनऊ (डेस्क) - उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी  के पहले मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पहली पुण्यतिथि 21 अगस्त को है। इसी दिन प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ  कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। लखनऊ के कैंसर इंस्टिट्यूट में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पहली प्रतिमा लगाई गई है।

बता दें कि इस कार्यक्रम को भाजपा पूरे जोरशोर से सभी जिला मुख्यालयों में मनाने की तैयारी कर रही है। अगस्त 2021 को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का निधन राजधानी लखनऊ में हुआ था, इसी दिन उनकी पहली पुण्यतिथि को पूरे देश भर में मनाया जाएगा। लेकिन उत्तर प्रदेश में 21 अगस्त को ही उनकी प्रतिमा स्थापित करते हुए पूर्व संध्या पर पुण्यतिथि मनाई जाएगी। राम मंदिर आंदोलन में उनकी महती भूमिका रही। इसके अलावा यूपी में पहली बार बीजेपी की सरकार बनाने में उनका योगदान रहा। साथ ही उन्हें देश के सबसे बड़े राज्य का दो बार सीएम बनने का गौरव मिला। कल्याण सिंह ने दो बार यूपी की सत्ता भी संभाली और मंदिर आंदोलन को धार भी दी।