लखनऊ (डेस्क) - लखनऊ विकास प्राधिकरण की अटल नगर योजना में 18 अप्रैल, 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा। 630 फ्लैटों के आवंटन के लिए एक माह तक पंजीकरण किया जा सकेगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। भवनों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। योजना में 539 फ्लैट 1 बीएचके और 91 फ्लैट 2 बीएचके के हैं। इच्छुक आवेदक एक महीने तक आवेदन कर सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स हैं। 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के इन फ्लैटों की कीमत लगभग 9.82 लाख रुपये से शुरू होती है। पूर्व में लॉटरी के माध्यम से फ्लैटों का आवंटन किया गया था, जिसमें शेष 630 फ्लैटों के लिए 18 अप्रैल से 17 मई तक पुनः पंजीकरण खोला जा रहा है।
इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, लिफ्ट, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग आदि की सुविधा दी गई है। वन BHK के फ्लैट के लिए 55,658 रुपए और 2 BHK के फ्लैट के लिए 1,00,852 रुपए पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जो कि आवंटन न होने की दिशा में आवेदक को वापस कर दिया जाएगा।