दुर्ग। जिले के वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में बेटियों के सम्मान और उनके बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए “मां-बेटी सुरक्षा कवच योजना” की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत जन्म लेने वाली प्रत्येक बेटी को विशेष उपहार प्रदान कर परिवारों को उनके पालन-पोषण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन के संरक्षण में संचालित इस योजना के अंतर्गत नवजात बेटियों को “मां का दुलार” गिफ्ट के रूप में ट्रॉली सूटकेस भेंट किया जा रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के पोषण, स्वास्थ्य और समुचित देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। योजना के माध्यम से न केवल बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का भी प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस योजना को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और कई परिवार इसका लाभ उठाते नजर आ रहे हैं। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि यह योजना बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक छोटा लेकिन सार्थक प्रयास है, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिलेगा।