लैटिन अमेरिका में स्वामी विवेकानंद की पहली प्रतिमा का हुआ अनावरण



  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मैक्सिको में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का किया अनावरण

नई दिल्ली (ग्लोबल डेस्क) - लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मेक्सिको में हिडाल्गो राज्य के स्वायत्त विश्वविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की एक प्रतिमा का अनावरण किया। लैटिन अमेरिका में यह स्वामी विवेकानंद की पहली प्रतिमा बताई जा रही है, जिसका अनावरण किया गया है।

बता दें कि ओम बिरला मेक्सिको में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। शिकागो में 1893 में दिए गए स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण का जिक्र करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि स्वामीजी ने अपने उस भाषण में भारतीय संस्कृति की विशेषताओं को खूबसूरती से प्रदर्शित किया था। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का यह संदेश देश और काल की सीमा से परे सम्पूर्ण मानवता के लिए है। इसलिए मेक्सिको में उनकी मूर्ति का अनावरण उनके प्रति हमारे श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है।

इससे पहले शुक्रवार को ओम बिरला ने मेक्सिको के चापिंगो विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता सेनानी डा पांडुरंग खानखोजे की एक प्रतिमा का अनावरण किया और  लैटिन अमेरिका के सबसे पुराने कृषि विश्वविद्यालय चैपिंगो विश्वविद्यालय का भी दौरा किया।