लखनऊ के होटल में लगी आग, 2 की मौत, जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन



 

लखनऊ (डेस्क) - उत्तर प्रदेश की राजधानी के हजरतगंज इलाके के लेवाना होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों ने बताया कि इलाज के दौरान दो महिलाओं की जलने से मौत हो गई है। आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।

अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आग कैसे लगी। होटल की खिड़कियों के शीशे को तोड़कर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। आग में झुलसे लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस होटल पहुंची हैं। डीजी फायर के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है। राहत बचाव कार्य चल रहा है।  उन्होंने बताया कि होटल में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है।  वहीं, लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि होटल से अधिकतर लोगो को सुरक्षित निकाल लिया गया है, रेस्क्यू अभी जारी है।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लेवाना होटल में लगी आग का संज्ञान लिया है।  मुख्यमंत्री योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।  इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने और राहत -बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।