पुंछ में बड़ा हादसा, बस खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत



जम्मू (डेस्क) - जम्मू कश्मीर के पुंछ में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हुआ है। पुंछ के साब्जियां इलाके में एक मिनी बस हादसे का शिकार हो गई है।  इस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत हुई है, साथ ही कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया। जानकारी के अनुसार, गली मैदान से पुंछ के लिए जा रही एक मिनी बस सीमावर्ती क्षेत्र सावजियां के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है और 22 लोग घायल हैं। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को पुंछ जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुंछ सड़क हादसे पर अपना गहरा दुख जाहिर करते हुए मृतकों के परिजनों को राहत राशि के तौर पर पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने पुंछ के साब्जियां में हुई इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए अन्य यात्रियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए।