अवनीश अवस्थी 28 फरवरी 2023 तक के लिए बनाए गए मुख्यमंत्री योगी के सलाहकार



लखनऊ(डेस्क) - पूर्व आइएएस अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी को उप्र सरकार में मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। वह प्रशासनिक कार्यों के सलाह देने के साथ ही योजनाओं को गति देने के लिए कार्य करेंगे। नियुक्ति विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक उन्हें 28 फरवरी 2023 तक के लिए नियुक्त किया गया है। अवस्थी पिछले महीने (31 अगस्त) रिटायर हुए थे। उसके बाद से ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चाएं थीं।

अवस्थी लंबे अनुभव वाले अफसर हैं। वह मुख्यमंत्री योगी के विश्वसनीय अफसरों में से एक हैं। यही वजह है कि मुख्यमंत्री ने उन्हें अपना सलाहकार बनाया है।

1987 बैच के आइएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी 31 अगस्त को अपर मुख्य सचिव गृह के पद पर रहते हुए रिटायर हुए थे। उनके सेवा विस्तार की चर्चा थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनका विस्तार चाहते थे लेकिन तकनीकी रूप से आई रुकावट की वजह से उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिल सका था।

इस नियुक्ति के दरम्यान अवस्थी को अस्थायी सरकारी सेवक माना जाएगा।